बोले, हर घर में हुनर और हर हाथ को काम, यही आत्मनिर्भर भारत की पहचान

*सरकार ने 65 हजार से अधिक स्वयं सहायता समूहों को बनाया सशक्त*

पंचकूला, 29 नवम्बर। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रदेश की बहनों ने अपनी मेहनत और हुनर से देशभर में नाम कमाया है और यही आत्मनिर्भर भारत की पहचान है। उन्होंने यह बात आज पंचकूला में आयोजित स्वयं सहायता समूह सम्मेलन में महिलाओं को संबोधित करते हुए कही। मुख्यमंत्री ने बताया कि हर घर में हुनर और हर हाथ को काम का उद्देश्य पूरा करने में स्वयं सहायता समूह (SHG) अहम भूमिका निभा रहे हैं और आज ये समूह आत्मनिर्भर भारत के सबसे मजबूत स्तंभ बन चुके हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वयं सहायता समूह आत्मनिर्भर भारत के अग्रदूत हैं। जब किसी गांव की महिला सिलाई मशीन या डेयरी तथा हस्तशिल्प के माध्यम से कार्य शुरू करती है, तो वह सिर्फ अपने परिवार की आजीविका नहीं बढ़ाती, बल्कि समाज का भविष्य भी संवारती है। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार ने अब तक 65 हजार से अधिक SHG को सशक्त बनाया है, जिन्हें बैंक ऋण, प्रशिक्षण, विपणन और ब्रांडिंग जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। महिलाएं पापड़, अचार, हस्तशिल्प, डेयरी उत्पादों और जैविक खेती के क्षेत्र में अपने कौशल का प्रदर्शन कर रही हैं।

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी स्वयं सहायता समूहों के योगदान की सराहना की है। रोहतक जिले के हथकरघा उद्योग में महिलाओं की मेहनत और कौशल की तारीफ प्रधानमंत्री ने 28 जुलाई, 2024 के ‘मन की बात’ कार्यक्रम में की। गुरुग्राम जिले के शंकर स्वयं सहायता समूह में 250 महिलाएं डेयरी, मिठाई और अन्य उत्पादों के माध्यम से स्वरोजगार चला रही हैं।

उन्होंने कहा कि पदमा स्कीम के तहत वन ब्लॉक–वन प्रोडक्ट को प्रोत्साहित किया जा रहा है, जिससे राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर उत्पादों को पहचान मिले। मुख्यमंत्री ने सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्योगों में निवेश की ऊपरी सीमा बढ़ाने, रिवॉल्विंग फंड और सामुदायिक निवेश निधि जैसी वित्तीय सहायता के माध्यम से महिलाओं को स्वरोजगार बढ़ाने की भी जानकारी दी।

सैनी ने कहा कि स्वयं सहायता समूहों ने आर्थिक मजबूती के साथ आत्मविश्वास, नेतृत्व और उद्यमिता को नई दिशा दी है। यह प्रयास ‘विकसित हरियाणा–विकसित भारत’ के संकल्प की सिद्धि में महत्वपूर्ण योगदान है। सम्मेलन में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बडौली और विधायक शक्ति रानी शर्मा सहित कई स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं उपस्थित थीं।