उपायुक्त, दुष्यंत भट्ट और गजेंद्र सलूजा ने बटन दबा कर 69 वें पिराई स्तर का किया शुभारंभ
पानीपत। पानीपत सहकारी चीनी मिल का 69वां पिराई सत्र (2025-26) पारंपरिक उत्साह और भव्यता के साथ शुरू हुआ। समारोह में किसानों की भारी उपस्थिति और उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला। इस अवसर पर हरियाणा के सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा का वर्चुअल संबोधन भी प्रमुख रहा, जिसमें उन्होंने मिल के आधुनिकीकरण और नए 90 केएलपीडी एथेनॉल प्लांट से किसानों और क्षेत्र को मिलने वाले लाभों पर प्रकाश डाला।
उद्घाटन समारोह में जिला उपायुक्त डॉ. विरेंदर कुमार दहिया, सांसद प्रतिनिधि गजेंद्र सलूजा और हरपाल ढांडा ने संयुक्त रूप से बटन दबाकर पिराई सत्र का शुभारंभ किया। समारोह की शुरुआत उपायुक्त ने हवन कर मंगलकामनाएँ दीं और मिल परिसर में पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी साझा किया। शुगर मिल के एमडी संदीप कुमार ने सभी प्रमुख अतिथियों का बुके भेंट कर स्वागत किया।
डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि आधुनिक तकनीक और एथेनॉल प्लांट से किसानों की अतिरिक्त उपज का सही उपयोग होगा तथा क्षेत्र में उद्योग, रोजगार और ऊर्जा के नए अवसर सृजित होंगे। इस वर्ष मिल का लक्ष्य 66 लाख क्विंटल गन्ना पिराई और 9.75 प्रतिशत रिकवरी तय किया गया है। गन्ने का राज्य परामर्श मूल्य बढ़ाकर 415 और 408 रुपये प्रति क्विंटल किया गया है, जिससे किसानों को प्रति एकड़ 4000-5000 रुपये अधिक आय होगी।
उपायुक्त डॉ. दहिया ने कहा कि 31,931 एकड़ क्षेत्र में लगभग 95 लाख क्विंटल गन्ना उत्पादन अपेक्षित है। किसानों को आधुनिक बीज, टिश्यू कल्चर पौधे, कृषि यंत्र और अन्य सहूलियतें दी जा रही हैं। इस बार सूचना पारदर्शी बनाने के लिए एसएमएस के माध्यम से अपडेट भेजे जाएंगे।
कार्यक्रम में सामाजिक कार्यकर्ताओं और किसानों का सम्मान भी किया गया। इस अवसर पर शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा के भाई हरपाल ढांडा ने किसानों के लिए सुविधाओं और समय पर भुगतान की गारंटी दी। समारोह का संचालन एमडी संदीप कुमार ने किया।


0 Comments