पानीपत- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के मिशन को सफल बनाने के लिए युवाओं को अपनी पूरी ऊर्जा और समर्पण के साथ योगदान देना चाहिए। यह विचार भाजपा के राष्ट्रीय सदस्यता अभियान के प्रदेश प्रमुख गजेंद्र सलूजा ने भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) की जिला बैठक में व्यक्त किए। बैठक का आयोजन लोक निर्माण विश्राम गृह में किया गया।
गजेंद्र सलूजा ने कहा कि युवाओं को राष्ट्र को सर्वोपरि मानते हुए सेवा का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने यह भी बताया कि भाजपा कार्यकर्ताओं की पार्टी है, जहां कड़ी मेहनत और प्रतिभा के आधार पर कोई भी व्यक्ति संगठन में उन्नति कर सकता है।
बैठक में भाजपा युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष आर्य बलविंदर मराठा और महामंत्री योगेश शर्मा ने गजेंद्र सलूजा का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिला अध्यक्ष आर्य बलविंदर मराठा ने बताया कि सदस्यता अभियान में युवा मोर्चा ने सक्रिय भूमिका निभाई और बड़ी संख्या में नए सदस्य बनाए। उन्होंने कहा कि अब सक्रिय सदस्य बनाने के अभियान में भी युवा मोर्चा पूरी लगन से भाग लेगा।
बैठक में भाजपा के वरिष्ठ नेता ईश कुमार राणा ने भी युवाओं को संबोधित किया और संगठन के आगामी कार्यों की दिशा पर चर्चा की।
इस अवसर पर पवन देशवाल, शालू जांगड़ा, जतिन राणा, अंजली धीमान, नवीन वशिष्ठ, दीपक शर्मा, लवली सेठी, अमित पावटी, अमित ताजपुर, और गुरुदत्त सहित कई प्रमुख कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
0 Comments