लोगों की जिंदगी में एक्‍सरसाइज बहुत महत्‍वपूर्ण हो गई है। लेकिन क्‍या आप ये जानते हैं कि ज्‍यादा शारीरिक व्‍यायाम का सेहत पर बुरा असर पड़ता है। हाल ही में हुई एक रिसर्च के अनुसार ज्‍यादा शारीरिक गतिविधियां करना नुकसानदायक हो सकता है और प्रमुख तौर पर इसका संबंध थकान एवं खराब परफॉर्मेंस से है।
'करंट बायोलॉजी’ के जर्नल में प्रकाशित हुई एक स्‍टडी के अनुसार ज्‍यादा शारीरिक व्‍यायाम करने जैसे कि फिजीकल ट्रेनिंग या स्‍ट्रें‍थ ट्रेनिंग से मस्तिष्‍क की क्षमता खासकर बौद्धिक क्षमता को नुकसान पहुंच सकता है। स्‍टडी के निष्‍कर्षों के अनुसार फ्रांस की इंसर्म रिसर्च इंस्‍टीट्यूट के मैथिअस पेसिग्‍निओन और उनकी टीम ने कहा कि उन्‍हें टॉप एथलीट्स में होने वाले ओवरट्रेनिंग सिंड्रोम के कारणों को जानने में काफी दिलचस्‍पी थी। इसमें एथलीट्स खराब या कमतर प्रदर्शन करते हैं और बहुत जल्‍दी थक जाते हैं। इस सिंड्रोम से ग्रस्‍त व्‍यक्‍ति को अपनी परफॉर्मेंस में सुधार के लिए कई तरह के प्रोडक्‍ट्स का इस्‍तेमाल करने का मन करता है। शोधकर्ताओं ने कहा कि ओवरट्रेनिंग प्रयासों के कारण थकान और मानसिक रूप से अस्‍वस्‍थ महसूस होता है।